businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट, बाजार में अस्थिरता का दौर

Source : business.khaskhabar.com | Apr 07, 2026 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 gold and silver prices decline amid rising tensions in west asia market witnesses volatility 804124नई दिल्ली । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को लेकर हाल ही में दिए गए आक्रामक बयानों और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच मंगलवार के सत्र में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 जून कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना पिछले बंद भाव 1,49,981 रुपए के मुकाबले 222 रुपए गिरकर 1,49,759 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला, तो वहीं 5 मई कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 2,33,379 के मुकाबले 1,379 रुपए गिरकर 2,32,000 प्रति किलोग्राम पर खुली।
वहीं, खबर लिखे जाने तक (दोपहर करीब 12.13 बजे) एमसीएक्स पर सोना (5 जून वायदा) 175 रुपए यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,49,806 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में एक समय यह 1,50,474 रुपए के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, जबकि 1,49,201 रुपए दिन का निम्नतम स्तर रहा।
इसी तरह, चांदी (5 मई वायदा) खबर लिखे जाने तक 813 रुपए यानी 0.35 प्रतिशत गिरकर 2,32,566 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी। इंट्रा-डे ट्रेडिंग में चांदी ने 2,35,547 रुपए का उच्चतम स्तर और 2,31,503 रुपए का निम्नतम स्तर छुआ।
विश्लेषकों के अनुसार, भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद सोने-चांदी में मजबूत 'सेफ-हेवन (सुरक्षित निवेश)' की मांग नहीं दिख रही है।
एमसीएक्स पर चांदी फिलहाल 2,31,000 से 2,33,000 रुपए के दायरे में उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रही है, जहां 2,33,000 से 2,34,000 रुपए के स्तर पर रेजिस्टेंस है।
विश्लेषकों का कहना है कि अगर यह स्तर टूटता है तो कीमतें और ऊपर जा सकती हैं, जबकि 2,30,000 रुपए के नीचे गिरने पर तेज गिरावट आ सकती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुएं लगभग स्थिर रहीं। कॉमेक्स गोल्ड 3.36 डॉलर या 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,681.34 डॉलर पर था, जबकि कॉमेक्स सिल्वर 0.09 डॉलर या 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.94 डॉलर पर ट्रेड कर रहा था।
स्पॉट मार्केट में सोना 3 डॉलर या 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,653 डॉलर पर था, जबकि स्पॉट सिल्वर 0.02 डॉलर या 0.04 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 72.78 डॉलर पर रहा।
कीमती धातुओं में यह उतार-चढ़ाव उस समय देखने को मिला, जब निवेशक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए दी गई समयसीमा पर नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका और इजरायल के साथ तनाव को स्थायी रूप से खत्म करना चाहता है, लेकिन स्ट्रेट खोलने के दबाव को स्वीकार नहीं किया है। वहीं ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर समयसीमा तक समझौता नहीं हुआ, तो ईरान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया और ब्रेंट क्रूड 1.69 प्रतिशत बढ़कर 111.63 डॉलर तक पहुंच गया, तो वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 3 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 116.56 डॉलर पर पहुंच गया।
--आईएएनएस

[@ इस मंदिर में लक्ष्मी माता के आठ रूप]


[@ यह उपाय करने से शांत होंगे शनि दोष]


[@ ताबूत के अंदर मिले 3,000 साल पुराने फिंगरप्रिंट]