businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

एसटीटी में बढ़ोतरी से निराश बाजार; सेंसेक्स 1,547 अंक गिरा तो निफ्टी करीब 2 प्रतिशत टूटा

Source : business.khaskhabar.com | Feb 01, 2026 | businesskhaskhabar.com Market News Rss Feeds
 markets disappointed by the hike in stt sensex fell 1547 points and nifty lost nearly 2 percent 788605मुंबई। केंद्रीय बजट 2026 के चलते रविवार को विशेष कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,546.84 अंकों यानी 1.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,722.94 पर कारोबार कर रहा था। तो वहीं निफ्टी 495.20 अंक यानी 1.96 प्रतिशत गिरकर 24,825.45 पर था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 79,899.42 के निचले स्तर तक पहुंच गया था और करीब 3,000 अंकों की इंट्राडे गिरावट देखने को मिली। तो वहीं, निफ्टी50 भी फिसलकर 24,572 तक आ गया था। 

मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का तीसरा और अपना लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफ एंड ओ) पर सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (एसटीटी) में बढ़ोतरी करने की घोषणा की और फ्यूचर्स पर एसटीटी बढ़ाकर 0.05 फीसदी कर दिया। तो वहीं, ऑप्शंस प्रीमियम पर एसटीटी को 0.10 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.15 प्रतिशत कर दिया। इस बड़ी घोषणा के बाद भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। 

बजट के बाद निवेशक सतर्क नजर आए, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ गया। हालांकि बजट में आर्थिक विकास को तेज करने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की बातें कही गईं, लेकिन इसके बावजूद शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। ब्रॉडर मार्केट में भी भारी बिकवाली का दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप 100 में 2 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2.7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार की घबराहट को दिखाने वाला इंडिया वीआईएक्स करीब 12 प्रतिशत उछल गया, जो निवेशकों की चिंता को दर्शाता है। सेक्टोरल स्तर पर आईटी सेक्टर को छोड़कर सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। 

निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स करीब 6 प्रतिशत टूट गया, जबकि निफ्टी मेटल इंडेक्स में 4 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स भी 2 प्रतिशत से ज्यादा फिसल गए। निफ्टी 50 के शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, हिंडाल्को और ओएनजीसी सबसे ज्यादा नुकसान में रहे और इनमें करीब 5-6 प्रतिशत तक की गिरावट आई। इसके अलावा एसबीआई, अदाणी पोर्ट्स, कोल इंडिया, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, नेस्ले इंडिया, आईटीसी और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स भी बड़े गिरावट वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं, विप्रो, टीसीएस और मैक्स हेल्थकेयर ने करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ मजबूती दिखाई। -आईएएनएस

[@ झील के पानी में हाथ डालते ही उठने लगी आग की लपटे!]


[@ फिल्म इंडस्ट्री में सेक्स रैकेट का धंधा पांव पसारता जा रहा है,फंसी ये 11 एक्ट्रेस]


[@ कुंडली का ये भाव बताता है आप ‘अमीर’ है या ‘गरीब’]