businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

एसबीआई ने 71वें बैंक दिवस पर लॉन्च किए योनो के नए एआई फीचर्स, ग्राहकों को मिलेंगी कई नई डिजिटल सुविधाएं

Source : business.khaskhabar.com | July 02, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 sbi launches new ai features on yono on its 71st bank day customers to get several new digital facilities 825746नई दिल्ली । देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने बुधवार को अपने 71वें बैंक दिवस के अवसर पर ग्राहकों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कई नई डिजिटल सुविधाएं लॉन्च करने की घोषणा की है। बैंक ने अपने योनो प्लेटफॉर्म को नए ग्राहक अनुभव, एआई-आधारित क्षमताओं और कई उद्योग में पहली बार पेश किए गए फीचर्स के साथ और अधिक उन्नत बनाया है। 
एसबीआई ने बताया कि अब नए ग्राहक एक ही डिजिटल प्रक्रिया (3-इन-1 ऑनबोर्डिंग) के जरिए बचत खाता (सेविंग अकाउंट), डिमैट अकाउंट और एसबीआईकैप सिक्योरिटीज लिमिटेड के साथ ट्रेडिंग अकाउंट एक साथ खोल सकेंगे, जिससे निवेश की शुरुआत पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
इसके अलावा, पात्र ग्राहक अब बिना बैंक शाखा जाए अपने बचत खाते को ऑनलाइन कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट में बदल सकेंगे या पहले से मौजूद सैलरी अकाउंट को भी ऑनलाइन अपग्रेड कर सकेंगे।
बैंक ने योनो पर उद्योग में पहली बार सस्टेनेबिलिटी जर्नी नाम का फीचर भी लॉन्च किया है, जिसके जरिए ग्राहक डिजिटल बैंकिंग लेनदेन के जरिए होने वाली कार्बन उत्सर्जन में बचत को ट्रैक कर सकेंगे और हर महीने अपना ग्रीन स्कोर भी देख सकेंगे।
इसके साथ ही योनो में फाइनेंशियल फिटनेस स्कोर की भी सुविधा जोड़ी गई है। यह फीचर ग्राहकों को उनके बैंक खातों, लोन, निवेश, बीमा और खर्च के पैटर्न का एकीकृत विश्लेषण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपनी वित्तीय स्थिति को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
एसबीआई ने अपने योनो बिजनेस प्लेटफॉर्म पर ईट्रेड सुविधा का भी विस्तार किया है। अब बैंक की पूरी ट्रेड फाइनेंस सेवाएं मोबाइल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इसके जरिए कॉरपोरेट और एमएसएमई ग्राहक कहीं से भी सुरक्षित तरीके से इनलैंड, इंपोर्ट और एक्सपोर्ट ट्रेड फाइनेंस से जुड़े लेनदेन देख, ट्रैक और अधिकृत कर सकेंगे। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी, परिचालन दक्षता बढ़ेगी और पूरे ट्रेड फाइनेंस चक्र पर बेहतर निगरानी संभव होगी।
बैंक ने योनो जी नामक एक नया एजेंटिक एआई-आधारित वर्चुअल असिस्टेंट भी लॉन्च किया है, जो योनो बिजनेस के वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा। यह ग्राहकों को बैंक के उत्पादों, प्लेटफॉर्म की सुविधाओं और विभिन्न सेवाओं से जुड़े सवालों के तत्काल जवाब देकर अधिक तेज और व्यक्तिगत सहायता प्रदान करेगा।
एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी ने कहा कि ये सभी नई पहलें बैंक की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं, जिसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल नवाचार और डेटा-आधारित तकनीकों का उपयोग करके बैंकिंग को अधिक सरल, स्मार्ट और सभी के लिए सुलभ बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय स्वास्थ्य, सतत जीवनशैली, एआई-आधारित बिजनेस बैंकिंग और मोबाइल ट्रेड फाइनेंस जैसी नई सुविधाओं के माध्यम से एसबीआई ऐसे एकीकृत डिजिटल इकोसिस्टम तैयार कर रहा है, जो 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की दिशा में देश की विकास यात्रा को मजबूत समर्थन देंगे।
--आईएएनएस
 

[@ केसर स्वास्थ्य के लिए कई तरह से लाभकारी]


[@ क्या अब भी रेखा की मांग में है संजय दत्त के नाम का सिंदूर?]


[@ गुणकारी अंगूर,जानिए इसके 5 लाभ]


Headlines