businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

सितंबर में इक्विटी फंड्स में आया 30 प्रतिशत से ज्यादा निवेश, इंडस्ट्री एयूएम बढ़कर 82.64 लाख करोड़ रुपए हुआ: एएमएफआई

Source : business.khaskhabar.com | Oct 12, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 equity fund inflows rise over 30 in september industry aum climbs to ₹8264 lakh crore amfi 852341मुंबई । भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग में सितंबर के दौरान इक्विटी योजनाओं में निवेश में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। एम्फी यानी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में इक्विटी फंड्स में 38,306.55 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया, जो अगस्त की तुलना में 30.61 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) बढ़कर 82.64 लाख करोड़ रुपए हो गई। 
एएमएफआई के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम्स में 74,831.96 करोड़ रुपए का निवेश आया, जबकि 36,525.41 करोड़ रुपए की निकासी दर्ज की गई।
इक्विटी योजनाओं के तहत कुल नेट एयूएम 37.54 लाख करोड़ रुपए रही, जबकि महीने के दौरान औसत एयूएम 38,50,660.61 करोड़ रुपए दर्ज की गई।
श्रेणीवार आंकड़ों में स्मॉल कैप फंड्स सबसे आगे रहे, जिसमें 9,038.57 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया। स्मॉल कैप फंड्स में कुल 13,025.13 करोड़ रुपए का निवेश हुआ और 3,986.56 करोड़ रुपए की निकासी हुई। इस श्रेणी में निवेशकों के 3.03 करोड़ फोलियो दर्ज किए गए।
इसके अलावा मिड कैप फंड्स में 7,834.84 करोड़ रुपए, फ्लेक्सी कैप फंड्स में 6,701.80 करोड़ रुपए, लार्ज एंड मिड कैप फंड्स में 4,271.22 करोड़ रुपए और मल्टी कैप फंड्स में 3,859.55 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया।
थीमैटिक फंड्स में 1,800.07 करोड़ रुपए, सेक्टोरल फंड्स में 1,840.02 करोड़ रुपए, फोकस्ड फंड्स में 1,390.84 करोड़ रुपए, वैल्यू फंड्स में 1,290.89 करोड़ रुपए और लार्ज कैप फंड्स में 859.47 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया।
हालांकि, कॉन्ट्रा फंड्स से 97.88 करोड़ रुपए और ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड्स से 662.14 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी दर्ज की गई।
पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग की बात करें तो सितंबर में कुल मिलाकर 1,33,375.57 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी रही। इसका मुख्य कारण डेट फंड्स से 1,83,155.76 करोड़ रुपए का भारी आउटफ्लो रहा।
इस बीच, एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) में निवेशकों की दिलचस्पी बनी रही। सितंबर में ईटीएफ श्रेणी में 15,501.40 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया। इसमें इक्विटी ईटीएफ सबसे आगे रहे, जहां 9,959.96 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। इसके बाद गोल्ड ईटीएफ में 4,450.61 करोड़ रुपए और सिल्वर ईटीएफ में 1,974.32 करोड़ रुपए का निवेश दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि अगस्त में इक्विटी फंड्स में 29,328.62 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया था, जो जुलाई की तुलना में लगभग 19 प्रतिशत अधिक था। उस समय उद्योग का कुल एयूएम 87.08 लाख करोड़ रुपए था।
--आईएएनएस
 

[@ संजय दत्त की जिंदगी से जुड़े वो राज जिसे नहीं जानते हैं आप]


[@ महिलाओं की शर्ट के बटन बाई तरफ ही क्यों!]


[@ बॉलीवुड में आने से पहले पेट पालने के लिए ये काम करती थी तापसी]


Headlines